लोगों की राय

उपन्यास >> आंख की किरकिरी

आंख की किरकिरी

रबीन्द्रनाथ टैगोर

प्रकाशक : भारतीय साहित्य संग्रह प्रकाशित वर्ष : 2016
पृष्ठ :55
मुखपृष्ठ : ebook
पुस्तक क्रमांक : 3984
आईएसबीएन :9781613015643

Like this Hindi book 10 पाठकों को प्रिय

103 पाठक हैं

नोबेल पुरस्कार प्राप्त रचनाकार की कलम का कमाल-एक अनूठी रचना.....

28

उस दिन रात तक जागते रहने और भारी आवेग के कारण सुबह महेंद्र में एक अवसाद-सा था। फागुन के अधबीच गर्मी पड़नी शुरू हो गई थी। और सवेरे महेंद्र अपने सोने के कमरे के एक ओर बैठ कर पढ़ता था। आज वह तकिए के सहारे फर्श पर पड़ा रहा। बेला हो आई, नहाने नहीं गया। रास्ते में फेरी वाले आवाज लगाते हुए गुजरने लगे। दफ्तर जाने वाली गाड़ियों की अविराम गड़गड़ाहट। पड़ोसी का नया मकान खड़ा हो रहा था। मजदूरिनें छत की कुटाई की ताल पर एक स्वर से गाने लगीं। हल्की गर्म दक्खिनी बयार से महेंद्र की दुखती नसें शिथिल हो आई थीं। कोई कठिन निश्चय, कोई दुरूह चेष्टा, मन से जूझना आज के इस अलसाए गिरे-गिरे-से वसंत के दिन के लायक न था।

'भाई साहब, आज हो क्या गया तुम्हें? नहाओगे नहीं, खाना तैयार है। अरे, सो रहे हो। तबीयत खराब है? सिर दुख रहा है?'- और, पास आ कर विनोदिनी ने उसके माथे पर हाथ रखा।

अधमुँदी आँखों और लड़खड़ाई आवाज में महेंद्र ने कहा-'आज तबीयत कुछ अच्छी नहीं-नहाऊँगा नहीं आज।'

विनोदिनी बोली - 'न नहाओगे, तो थोड़ा-सा खा लो!'

जिद करके विनोदिनी उसे रसोई में ले गई और बड़े जतन और आग्रह से खिलाया।

खा-पी कर महेंद्र फिर आ कर लेट गया। विनोदिनी उसके सिरहाने बैठ कर धीरे-धीरे सिर दबाने लगी! आँखें बंद किए महेंद्र ने कहा - 'तुमने अभी खाया नहीं है, भई किरकिरी! जाओ, खा लो!'

मगर विनोदिनी न गई। अलसाई दोपहरी के गर्म झोंकों से घर के परदे उड़ने लगे, दीवार के पास वाले नारियल के पेड़ की बेमानी मरमराहट कमरे में आने लगी। महेंद्र का कलेजा जोर-जोर से थिरकने लगा और विनोदिनी का घना नि:श्वास उसी ताल पर महेंद्र के कपाल पर पड़े बालों को नचाता रहा। किसी के भी गले से एक शब्द न निकला। महेंद्र सोचने लगा - 'ओर-छोर-हीन इस संसार के अनंत स्रोत में बहा जा रहा हूँ,जरा देर के लिए कभी कहीं नाव अगर किनारे पर लगे तो उससे किसी का क्या आता-जाता है, और कितने दिनों के लिए!'

सिरहाने बैठी महेंद्र का सिर सहलाती विनोदिनी का सिर विह्वल यौवन के भार से धीरे-धीरे झुका जा रहा था और अंत तक उसकी लटों की नोक महेंद्र के कपोल को छूने लगी। हवा से हिलती हुई लटों के कोमल स्पर्श से उसका सारा शरीर रह-रह कर काँप उठने लगा, साँस मानो कलेजे के पास रुक गई, बाहर निकलने की राह न मिली। महेंद्र झट-पट उठ बैठा। बोला - 'मेरी क्लास है। कॉलेज चलूँ!'

...Prev | Next...

<< पिछला पृष्ठ प्रथम पृष्ठ अगला पृष्ठ >>

अन्य पुस्तकें

लोगों की राय

No reviews for this book

A PHP Error was encountered

Severity: Notice

Message: Undefined index: mxx

Filename: partials/footer.php

Line Number: 7

hellothai