लोगों की राय

उपन्यास >> पाणिग्रहण

पाणिग्रहण

गुरुदत्त

प्रकाशक : सरल प्रकाशन प्रकाशित वर्ष : 2016
पृष्ठ :651
मुखपृष्ठ : Ebook
पुस्तक क्रमांक : 8566
आईएसबीएन :9781613011065

Like this Hindi book 9 पाठकों को प्रिय

410 पाठक हैं

संस्कारों से सनातन धर्मानुयायी और शिक्षा-दीक्षा तथा संगत का प्रभाव


शारदा रात-भर करवटें लेने के पश्चात् चार बजे उठी। इस समय तक उसका मन स्थिर हो चुका था और वह मन-ही-मन अपने मार्ग पर चलने का निश्चय कर चुकी थी। उसने स्नान किया, साधारण-से कपड़े पहने और कोठी से निकल ड्राइवर को उसकी कोठरी में जाकर जगाया। उससे कहा, ‘‘जल्दी करो। मुझको स्टेशन जाना है।’’

‘‘ड्राइवर पाँच मिनट में तैयार होकर गाड़ी निकाल लाया। शारदा उसमें सवार हो स्टेशन जा पहुँची। वहाँ उतर उसने ड्राइवर को कहा, ‘‘साहब से कह देना कि मैं दुरैया जा रही हूँ। आने के विषय में वहाँ से लिखूँगी।’’

ड्राइवर जानता था कि साहब दुरैया के रहने वाले हैं। परन्तु वे जब भी गाँव जाते थे तो गाँव तक मोटर में ही जाया करते थे। आज मालकिन को रेल से जाते देख विस्मय करने लगा। वह अभी वहाँ खड़ा विचार कर रहा था कि शारदा तीसरे दर्जे के टिकटघर की ओर चली गयी। शारदा ने टिकट लिया और भीतर प्लेटफार्म पर चली गयी, तो वह कोठी को लौट आया। साहब अभी जागे नहीं थे। बच्चे उठे तो नौकरानी ने उनको नहलाकर, कपड़े पहना, नित्य की भाँति माँ के पास भेज दिया। वे माँ के पूजा के कमरे में गये। वह वहाँ नहीं थी। उन्होंने नौकरानी से पूछा, तो वह भी मालकिन को ढूँढ़ने लगी।

वह यह समझ कि मालकिन कहीं बाहर काम से गयी होगी, कोठी के बाहर आकर चपरासी से पूछ रही थी, तो ड्राइवर ने, जो साहब के उठने की प्रतीक्षा कर रहा था, नौकरानी को कह दिया, ‘‘मालकिन दुरैया गयी हैं। मैं उनको स्टेशन तक छोड़कर आया हूँ।’’

इन्द्रनारायण उठा तो नौकरानी ने बता दिया कि ड्राइवर कहता है कि मालकिन दुरैया चली गयी हैं। इन्द्रनारायण ने ड्राइवर को बुलाकर पूछा तो उससे यह जानकर कि शारदा थर्ड क्लास का टिकट लेकर गयी है, वह बहुत चिन्तित हुआ। वह समझ नहीं सका कि वह रूठकर गई है या उसे त्यागकर। इस पर भी उसने उसके पीछे-पीछे गाँव जाने का विचार नहीं किया। वह सोच रहा था कि गाँव से शारदा अथवा उसके माता-पिता का कोई पत्र अवश्य आयेगा।

...Prev | Next...

<< पिछला पृष्ठ प्रथम पृष्ठ अगला पृष्ठ >>

अन्य पुस्तकें

लोगों की राय

No reviews for this book