लोगों की राय

ई-पुस्तकें >> परसाई के राजनीतिक व्यंग्य

परसाई के राजनीतिक व्यंग्य

हरिशंकर परसाई

प्रकाशक : भारतीय साहित्य संग्रह प्रकाशित वर्ष : 2016
पृष्ठ :296
मुखपृष्ठ : ईपुस्तक
पुस्तक क्रमांक : 9709
आईएसबीएन :9781613014189

Like this Hindi book 10 पाठकों को प्रिय

194 पाठक हैं

राजनीतिक विषयों पर केंद्रित निबंध कभी-कभी तत्कालीन घटनाक्रम को ध्यान में रखते हुए अपने पाठ की माँग करते हैं लेकिन यदि ऐसा कर पाना संभव न हो तो भी परसाई की मर्मभेदी दृष्टि उनका वॉल्तेयरीय चुटीलापन इन्हें पढ़ा ले जाने का खुद में ही पर्याप्त कारण है।

अमेरिका में राष्ट्रपति के यौन चरित्र पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इस पद के उम्मीदवार का अपनी पत्नी के सिवा किसी अन्य स्त्री से यौन संबंध नहीं होना चाहिए - खासकर पेशेवर औरत से। इस चुनाव के पहिले में गेरी हार्ट काफी दमदार उम्मीदवार थे। मगर अखबारों में विश्वसनीय ढंग से छप गया कि एक कालगर्ल रात भर उनके साथ उनके घर में रही। उस लड़की का फोटो भी छप गया। लोगों ने भरोसा कर लिया और गेरी हार्ट ने पार्टी टिकट के लिए भी कोशिश नहीं की। इस तरह के कलंक तो बाजारू औरतों को डालर देकर भी लगाए जाते हैं। पर जनता बेवकूफ नहीं है। वह हर बात पर विश्वास नहीं करती। बिल क्लिंटन को दो बार बदनाम किया गया। पहली बार इस तरह की एक कालगर्ल के साथ उन्होंने रात बिताई। दूसरी बार बदनामी मतदान के कुछ दिन पहिले उछली। एक कैबरे लड़की ने दावा किया कि मेरे साथ उनके बारह साल संबंध रहे। इसे अमेरिकी जनता ने गंभीरता से नहीं लिया। अमेरिका में तलाकशुदा आदमी राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार नहीं हो सकता। तीसरे उम्मीदवार रास पेरो अमेरिका के 'धरती पकड़ थे'।

मगर जिसे हीरो मान लिया उसके स्त्री संबंध से उसकी छवि घटती नहीं बढ़ती है। ऐसे राष्ट्रपति जान कैनेडी थे। उनके संबंध शराब घर की नौकरानी से लेकर उस समय फिल्मों में यौन प्रतीक मारलिन मुनरो तक से थे। कैनेडी तीन भाई थे - जान, राबर्ट और एडवर्ड। तीनों एक ही चरित्र के। तीनों मारलिन मुनरो को घेरते थे। बारह गर्भपात करा चुकी अनुभवी मारलिन अपनी निजी सहायक से कहती थी - दीज कैनेडी व्वाइज आर किड्ज। ये कैनेडी लड़के बच्चे हैं। अब तो यह रहस्य भी खुला है कि मारलिन ने आत्महत्या नहीं की थी। उसे मरवाया गया था, क्योंकि उसके पेट में जान का (तब राष्ट्रपति) का बच्चा था।

हमारा समाज दकियानूस माना जाता है। स्त्री पुरुष संबंधों के बारे में अति पवित्रता हमारे स्वभाव में है। हमारे सभी नेता एकपत्नीव्रतधारी नहीं है। कई के संबंध हैं। दूसरी औरतें हैं। रखैलें हैं। ये बातें लोग जानते हैं। पर किसी के राजनैतिक जीवन को इस कारण नष्ट होते नहीं देखा। हाँ, एक अभागे केरल के मंत्री पी. टी. चाको किसी रेस्ट हाऊस में समाज कल्याण मंत्राणी के साथ समाज विकसित करते पकड़ लिए गए थे। उन्हें इस्तीफा देना पड़ा।

कैनेडी ने एक तरफ तो रूसी प्रधानमंत्री क्रुश्चेव से क्यूबा संकट में समझौता करके युद्ध नहीं होने दिया। दूसरी तरफ इस डेमोक्रेट ने वियतनाम में युद्ध को बढ़ाया।

...Prev | Next...

<< पिछला पृष्ठ प्रथम पृष्ठ अगला पृष्ठ >>

लोगों की राय

No reviews for this book