लोगों की राय

ई-पुस्तकें >> कबीरदास की साखियां

कबीरदास की साखियां

वियोगी हरि

प्रकाशक : भारतीय साहित्य संग्रह प्रकाशित वर्ष : 2016
पृष्ठ :91
मुखपृष्ठ : ईपुस्तक
पुस्तक क्रमांक : 9699
आईएसबीएन :9781613013458

Like this Hindi book 10 पाठकों को प्रिय

72 पाठक हैं

जीवन के कठिन-से-कठिन रहस्यों को उन्होंने बहुत ही सरल-सुबोध शब्दों में खोलकर रख दिया। उनकी साखियों को आज भी पढ़ते हैं तो ऐसा लगता है, मानो कबीर हमारे बीच मौजूद हैं।

समर्थाई का अंग

जिसहि न कोई तिसहि तू, जिस तू तिस सब कोइ।
दरिगह तेरी सांईयां, ना मरूम कोइ होइ।। 1।।

जिसका कहीं भी कोई सहारा नहीं, उसका एक तू ही सहारा है। जिसका तू हो गया, उससे सभी नाता जोड़ लेते हैं। साईं! तेरी दरगाह से, जो भी वहां पहुंचा, वह महरूम नहीं हुआ, सभी को वहां आश्रय मिला।

सात समंद की मसि करौं, लेखनि सब बनराइ।
धरती सब कागद करौं, तऊ हरि गुण लिख्या न जाइ।।2।।

सातों समंदरों की स्याही बना लूं और सारे ही वृक्षों की लेखनी, और कागज का काम लूं सारी धरती से, तब भी हरि के अनन्त गुणों को लिखा नहीं जा सकेगा।

अबरन कौं का बरनिये, मोपै लख्या न जाइ।
अपना बाना बाहिया, कहि कहि थाके माइ।। 3।।

उसका क्या वर्णन किया जाय, जो कि वर्णन से बाहर है? मैं उसे कैसे देखूं? वह आंख ही नहीं देखने की। सबने अपना-अपना ही बाना पहनाया उसे, और कह-कहकर थक गया उनका अन्तर।

झल बावैं झल दाहिनैं, झलहि माहिं व्यौहार।
आगैं पीछैं झलमई, राखै सिरजनहार।। 4।।

झाल (ज्वाला ) बाईं ओर जल रही है, और दाहिनी ओर भी, लपटों ने घेर लिया है दुनिया के सारे ही व्यवहार को। जहां तक नजर जाती है, जलती और उठती हुई लपटें ही दिखाई देती हैं। इस ज्वाला में से एक मेरा सिरजनहार ही निकालकर बचा सकता है।

साई मेरा बाणियां, सहजि करै व्यौपार।
बिन डांडी बिन पालड़ैं, तोलै सब संसार।। 5।।

ऐसा बनिया है मेरा स्वामी, जिसका व्यापार सहज ही चल रहा है। उसकी तराजू में न तो डांडी है और न पलड़े, फिर भी वह सारे संसार को तौल रहा है, सबको न्याय दे रहा है।

साई सूं सब होत है, बंदै थैं कुछ नाहिं।
राई थैं परबत करै, परवत राई माहिं।। 6।।

स्वामी ही मेरा समर्थ है, वह सब कुछ कर सकता है। उसके इस बन्दे से कुछ भी नहीं होने का। वह राई से पर्वत कर देता है और उसके इशारे से पर्वत भी राई में समा जाता है।

¤

...Prev | Next...

<< पिछला पृष्ठ प्रथम पृष्ठ अगला पृष्ठ >>

लोगों की राय

No reviews for this book