लोगों की राय

ई-पुस्तकें >> कबीरदास की साखियां

कबीरदास की साखियां

वियोगी हरि

प्रकाशक : भारतीय साहित्य संग्रह प्रकाशित वर्ष : 2016
पृष्ठ :91
मुखपृष्ठ : ईपुस्तक
पुस्तक क्रमांक : 9699
आईएसबीएन :9781613013458

Like this Hindi book 10 पाठकों को प्रिय

72 पाठक हैं

जीवन के कठिन-से-कठिन रहस्यों को उन्होंने बहुत ही सरल-सुबोध शब्दों में खोलकर रख दिया। उनकी साखियों को आज भी पढ़ते हैं तो ऐसा लगता है, मानो कबीर हमारे बीच मौजूद हैं।

चांणक का अंग

इहि उदर कै कारणे, जग जाच्यों निस जाम।
स्वामीं-पणौ जो सिरि चढ़्यो, सर् यो न एको काम।। 1।।

इस पेट के लिए दिन-रात साधु का भेष बनाकर वह मांगता फिरा, और स्वामीपना उसके सिर पर चढ़ गया। पर पूरा एक भी काम न हुआ - न तो साधु हुआ और न स्वामी ही।

स्वामी हूवा सीतका, पैकाकार पचास।
राम-नाम कांठै रह्या, करै सिषां की आस।। 2।।

स्वामी आज-कल मुफ्त में, या पैसे के पचास मिल जाते हैं, मतलब यह कि सिद्धियां और चमत्कार दिखाने और फैलाने वाले स्वामी। रामनाम को वे एक किनारे रख देते हैं, और शिष्यों से आशा करते हैं लोभ में डूबकर।

कलि का स्वामी लोभिया, पीतलि धरी खटाइ।
राज-दुबारां यौ फिरै, क्यूं हरिहाई गाइ।। 3।।

कलियुग के स्वामी बड़े लोभी हो गये हैं, और उनमें विकार आ गया है, जैसे पीतल की बटलोई में खटाई रख देने से। राज-द्वारों पर ये लोग मान-सम्मान पाने के लिए घूमते रहते हैं, जैसे खेतों में बिगड़ैल गायें घुस जाती हैं।

कलि का स्वामी लोभिया, मनसा धरी बधाइ।
दैंहि पईसा व्याज कौं, लेखां करतां जाइ ।। 4।।

कलियुग का यह स्वामी कैसा लालची हो गया है! लोभ बढ़ता ही जाता है इसका। व्याज पर यह पैसा उधार देता है और लेखा-जोखा करने में सारा समय नष्ट कर देता है।

'कबीर' कलि खोटी भई, मुनियर मिलै न कोइ।
लालच लोभी मसकरा, तिनकूं आदर होइ ।। 5।।

कबीर कहते हैं- बहुत बुरा हुआ इस कलियुग में, कहीं भी आज सच्चे मुनि नहीं मिलते। आदर हो रहा है आज लालचियों का, लोभियों का और मसखरों का।

...Prev | Next...

<< पिछला पृष्ठ प्रथम पृष्ठ अगला पृष्ठ >>

लोगों की राय

No reviews for this book