लोगों की राय

ई-पुस्तकें >> एक नदी दो पाट

एक नदी दो पाट

गुलशन नन्दा

प्रकाशक : भारतीय साहित्य संग्रह प्रकाशित वर्ष : 2016
पृष्ठ :323
मुखपृष्ठ : ईपुस्तक
पुस्तक क्रमांक : 9560
आईएसबीएन :9781613015568

Like this Hindi book 8 पाठकों को प्रिय

429 पाठक हैं

'रमन, यह नया संसार है। नव आशाएँ, नव आकांक्षाएँ, इन साधारण बातों से क्या भय।


'अब हमसे लज्जा कैसी?'

विनोद की बात सुनकर उसका सिर घुटनों में और भी झुक गया। विनोद ने बढकर अपनी उँगलियाँ उसके घने बालों में डाल दीं और उनसे खेलने लगा। उसके शरीर में मुस्कराहटें उभरने लगीं। उसकी घबराहट कम होने लगी। दुल्हिन के संकोच को दूर करके उससे आँखें मिलाने का भार तो उसी पर था।

विनोद ने उसके मुख को उठाकर उसके हाथों को बलपूर्वक हटाना चाहा; परन्तु वे स्वयं ही ढीले पड़ गए। कामिनी ने मुख से हाथ हटा लिया; परन्तु झुकी हुई आँखों को ऊपर न उठा पाई। विनोद के हाथ अभी तक उसके कंधों पर थे। उसे कुछ समझ न आ रहा था। उसे ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो उसकी आँखों के आगे अँधेरा छा गया हो।

उसने फिर साहस किया और कामिनी की ठोड़ी को सहारा देकर ऊपर उठा दिया। दोनों की आँखें चार हुईं; परन्तु विनोद ने सहसा अपना हाथ खींच लिया। उसका मुँह सफेद पड़ गया और माथे पर पसीने की बूंदें फूटने लगीं। घबराहट पर अधिकार पाते हुए बड़ी कठिनाई से वह कह पाया, 'तुम...कामिनी हों... क्या?'

'जी...।' दुल्हिन ने धीमे काँपते हुए स्वर में उत्तर दिया। इतना बड़ा छल! विनोद को आकाश और धरती काँपते हुए दिखाई देने लगे। कमरे की हर वस्तु उसका उपहास कर रही थी। वह बड़ी कठिनाई से पाँव बढ़ाता कमरे के द्वार तक जा सका। दुल्हिन झट पलंग छोड़कर नीचे उतर आई और रुँधे हुए स्वर में बोली, 'आप क्यों चल दिए?'

विनोद ने कोई उत्तर न दिया और शीघ्र सीढ़ियाँ उतर गया। कामिनी सिर को थामकर वहीं बैठ गई।

नीचे गोल कमरे में सर्वत्र अँधेरा था। विनोद ने बत्ती भी न जलाई और बेसुध स्वयं को सोफे पर गिरा दिया। क्रोध में उसने हाथों में पकड़ा फूलों का हार मसलकर नीचे फेंक दिया।

...Prev | Next...

<< पिछला पृष्ठ प्रथम पृष्ठ अगला पृष्ठ >>

अन्य पुस्तकें

लोगों की राय